द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी, पीतल की टोंटियां, दरवाजों के हैंडल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिटी पार्क के पास से सौरभ और अजय को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी वर्तमान में नवादा गांव में रह रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो चैन, एक हार, कान के बूंदे, एक मोती माला, पांच हजार रुपये नकद, पांच पीतल की टोंटियां, दो दरवाजों के हैंडल और दो अवैध चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 28 मई की रात अल्फा-1 स्थित एक बंद मकान में चोरी की थी। वारदात से पहले मकान की रेकी की गई थी। आरोपियों ने मकान से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। चोरी की नकदी आपस में बांट ली गई थी, जबकि आभूषण सिटी पार्क क्षेत्र में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस उनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
