द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक निजी कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में कार्यरत 19 वर्षीय महिला सुरक्षा गार्ड ने हॉस्टल की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान पारुल पत्नी सौरभ चौधरी निवासी गांव जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वह नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। शनिवार को हॉस्टल परिसर से उसके बिल्डिंग से कूदने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह के चलते महिला द्वारा यह कदम उठाए जाने की संभावना है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के समय मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। वहीं फोरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। शिकायत मिलने पर जांच होगी।
