द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 क्षेत्र में रविवार को महामाया फ्लाईओवर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।

घटना महामाया फ्लाईओवर से आगे गंदे नाले के पास हुई। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार समय रहते सभी घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बस को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। वर्तमान में मार्ग पर आवागमन सामान्य है।

प्रारंभिक जांच में बस के तेज रफ्तार होने और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।