द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि 17 जून को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित पुत्र अनूप निवासी ग्राम चिटहैरा, थाना दादरी को नवीन मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर अपनी पत्नी कविता की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।

शराब पीने का आदि है आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है, जिसके कारण उसका पत्नी कविता के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि पत्नी द्वारा खाना न बनाने या न देने की बात पर गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है। मामले में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।