द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी, ग्राम अच्छेजा छपरौला में शुक्रवार को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जीवन किशोर (50) पुत्र रामदास, निवासी कायमगंज, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर बादलपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल जीवन किशोर को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विवाद की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बादलपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
