द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क पर रोड़ा-पत्थर गिराने के मामले में वांछित डंपर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंपर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को थाना दादरी क्षेत्र में वाहन संख्या RJ02GD6003 (हाईवा/डंपर) को तेज गति और लापरवाही से चलाते समय उसमें भरे रोड़ा-पत्थर हाईवे पर गिर गए थे। इससे कई वाहनों के टायर पंक्चर हो गए और सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। घटना के संबंध में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
शुक्रवार को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अरबाज खान पुत्र हनीफ खान निवासी निमली, अलवर (राजस्थान) को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर संख्या RJ02GD6003 को भी कब्जे में ले लिया है।
