द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-126 के रायपुर गांव स्थित एक लेबर कैंप में मंगलवार सुबह गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। आग ग्राउंड प्लस वन (G+1) इमारत में लगी, जहां करीब 50 से 60 मजदूर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6:20 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए एक दर्जन फायर टेंडर लगाए गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

दमकलकर्मियों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद टीमों ने कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।

गैस लीकेज से लगी थी आग
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस लीकेज सामने आया है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के फंसे होने, घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

प्रशासन के अनुसार, समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।