द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-2 क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सब्जियों से लदे लोडर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। दुर्घटना में 16 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फेस 2 क्षेत्र का है मामला
पुलिस ने बताया कि सब्जियों से लदा लोडर थाना फेस-2 क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर लोडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पास से गुजर रही बाइक भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे के समय लोडर के ऊपर बैठा 16 वर्षीय दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान राजवीर ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में अशोक कुमार, आकाश, अभिषेक राय और शंकर घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
