-मास्टर सुबोध भाटी को मिली अध्यक्ष पद की जिम्‍मेदारी
-अब तक 25 गांवों में हो चुका है आरडब्ल्यूए का गठन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के विभिन्‍न सेक्‍टरों के साथ ही गांवों में भी आरडब्‍ल्‍यूए का गठन तेजी से हो रहा है। गांवों में आरडब्‍ल्‍यूए के गठन का प्रमुख कारण है कि वहां पर प्रधानी व्‍यवस्‍था समाप्‍त हो जाने के कारण समस्‍याओं का निस्‍तारण नहीं होता है। इसी क्रम में डाढ़ा गांव में भी आरडब्‍ल्‍यूए का गठन हुआ। डाढ़ा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन में मास्टर सुबोध भाटी को अध्यक्ष, चौधरी नरेश कुमार को सचिव, एडवोकेट विनीत भाटी को कोषाध्यक्ष, नितिन कुमार को उपाध्यक्ष, चौधरी दीपेंद्र सिंह भाटी को महासचिव, चौधरी सुभाष भाटी तथा उमेश कुमार को सदस्य बनाया गया है। आरडब्‍ल्‍यूए के सदस्‍यों ने कहा कि गांव की समस्‍याओं का निस्‍तारण कराने के लिए जल्‍द ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।

25 गांवों में आरडब्‍ल्‍यूए का गठन
इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र टाइगर ने नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए कहा कि जिन गांवों में ग्राम प्रधान व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, वहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए आरडब्ल्यूए का गठन कराया जा रहा है। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, ग्रेटर नोएडा के माध्यम से अब तक ग्रेटर नोएडा के 25 गांवों में आरडब्ल्यूए का गठन किया जा चुका है और सभी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर जिन गांवों में प्रधानी व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, वहां भी फेडरेशन के माध्यम से आरडब्ल्यूए का गठन कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का संगठित रूप से समाधान कराया जा सके। इस अवसर पर हबीबपुर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रणवीर चौधरी ने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से गांवों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाया जा रहा है, जिससे संबंधित विभागों पर कार्रवाई का सकारात्मक दबाव बन रहा है।