द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला में मंगलवार को सरिया से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद नाले के पार जा पहुंचा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में लदा सरिया केबिन को चीरते हुए आर-पार निकल गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
केबिन को काटकर निकाला गया चालक का शव
सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस मौके पर पहुंची। चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने हाइड्रा और गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया।
हादसे के दौरान बिजली का पोल और ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
