-डीएम ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से मांगा सुझाव
-बैठक में विभिन्न सेक्टर व सोसायटी के लोगों ने लिया हिस्सा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में निवास करने वाले मतदाताओं को उनके निवास के निकट मतदान केंद्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने आरडब्ल्यूए एवं एओए के अध्यक्ष, सचिव एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों के संभाजन तथा आवश्यकतानुसार नए मतदेय स्थलों के चिन्हांकन की कार्यवाही की जा रही है। इसका उद्देश्य बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में निवास करने वाले मतदाताओं को उनके घर के निकट मतदान केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराना है। जिससे मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं मतदाता-अनुकूल बन सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इस कार्य में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

लोगों ने मांगा सुझाव
डीएम ने बताया कि हाईराइज आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों में ऐसे स्थान, जहां 300 से 1200 मतदाताओं के मध्य मतदाता निवास करते हों तथा जहां सुरक्षित वातावरण के साथ सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, वहां नए मतदेय स्थलों की स्थापना के संबंध में सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। प्राप्त होने वाले व्यवहारिक एवं जनहितकारी सुझावों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि बहुमंजिली भवनों एवं सेक्टरों में नए मतदेय स्थलों की स्थापना के संबंध में यदि संबंधित पदाधिकारियों के पास कोई सुझाव हो तो वह उसे लिखित रूप में आगामी दो दिवस के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय में अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय की ई-मेल आईडी adeo-gbn@nic.in पर उपलब्ध करा सकते हैं। ताकि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। कहा कि बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों एवं सेक्टरों के आसपास स्थित श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाताओं की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जाए। ऐसे क्षेत्रों में मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में व्यवहारिक एवं जनहितकारी सुझाव भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को निकटतम एवं सुविधाजनक मतदान केंद्र की सुविधा प्राप्त हो तथा मतदान के दौरान श्रमिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिलाधिकारी सदर (न्यायिक) अरूण कुमार, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, ईओ दादरी शालिनी गुप्ता व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
