द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 छीने गए मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान पठान (23) निवासी तिरथली, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्धनगर और फरमान (22) निवासी झाझर, थाना ककोड़, बुलंदशहर के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार को ग्राम गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।

राहगीरों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नॉलेज पार्क और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। बाद में महंगे मोबाइल फोन कम कीमत पर बेचकर अवैध रूप से पैसा कमाते थे।