-लेखपाल ने पति के नाम दर्ज कर दी सरकारी जमीन
-जमीन की कीमत बताई जा रही है लगभग 3 करोड़
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरकारी पद पर बैठे जिम्मेदार कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग कैसे करते है इसकी बानगी गौतमबुद्ध नगर की सदर तहसील में देखने को मिली है। जहां पर एक महिला लेखपाल ने बहुत ही चालाकी से सरकारी जमीन को दस्तावेजों में अपने पति के नाम दर्ज कर दिया। बाजार दर के अनुसार जमीन की कीमत लगभग तीन करोड़ रुपए बताई जा रही है। शिकायत के बाद की गई जांच में मामला सही मिलने पर डीएम मेधा रूपम ने कड़ा एक्शन लेते हुए लेखपाल को सस्पेंड कर दिया। साथ ही लेखपाल की विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। डीएम के द्वारा लिए गए एक्शन के बाद अन्य कर्मचारियों में हडकंप मचा हुआ है।
यह था मामला
सदर तहसील में महिला लेखपाल नीरज लता पिछले लगभग 6 वर्ष से तैनात हैं। अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उन्होंने बांजरपुर गांव की लगभग 450 वर्ग मीटर जमीन को अपने पति के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज कर दिया। मामले की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों ने शिकायत की। डीएम ने एसडीएम सदर आशुतोष कुमार को जांच करने का निर्देश दिया। एसडीएम की जांच में शिकायत सही मिली। डीएम ने तत्काल लेखपाल नीरज लता को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल में कोई और गडबड़ी तो नहीं की है इसकी जांच शुरू हो गई है।
