द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास एनटीपीसी-दादरी रेल सेक्शन पर रेलवे की कथित गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि एनटीपीसी के लिए कोयले से लदी मालगाड़ी ट्रैक से गुजर रही थी, लेकिन इस दौरान रेलवे फाटक खुला रहा। फाटक खुला होने के कारण स्कूल वैन, दोपहिया और अन्य वाहन रेलवे लाइन पार करने के लिए वहां मौजूद थे। गनीमत रही कि लोगों ने समय रहते सतर्कता दिखाई, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

आसपास में है दो स्कूल
मालगाड़ी के गुजरने के दौरान भी फाटक बंद नहीं किया गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने वाहनों को रोककर किसी तरह स्थिति को संभाला और संभावित दुर्घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके आसपास दो स्कूल संचालित हैं। स्कूल समय के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्कूल वैन और अभिभावकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यदि किसी वाहन चालक ने जल्दबाजी दिखाई होती तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि लोगों की जान को खतरे में डालने जैसा है। ग्रामीणों ने इस चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक भविष्य में गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।