द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दनकौर क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और चार संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गौकशी के एक मामले में वांछित आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सेक्टर-18 पॉकेट-5C पार्क के पास एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के पास चार संदिग्ध खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम के रोकने पर वे भागने लगे और कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल की पहचान मेहताब पुत्र मेहरबान, निवासी ग्राम दौला रजपुरा, थाना दनकौर के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि उसके कब्जे से अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की कथित चोरी की मोटरसाइकिल, मेफेन्टरमाइन सल्फेट और लिग्नोकेन इंजेक्शन, चार सील पैक सीरिंज, दो चापड़, चार छुरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां और चार प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने 21 जुलाई 2026 को साथियों के साथ मिलकर गौकशी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना दनकौर में पहले से गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में भी गौवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
