द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने कैब बुक कर चालक को गनपॉइंट पर लूटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
स्विफ्ट कैब की थी बुक
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय रमन शर्मा और 19 वर्षीय अभिषेक सिंह ने उबर ऐप के जरिए दिल्ली से दनकौर के लिए स्विफ्ट डिजायर कैब बुक की थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर दोनों ने चालक को तमंचा दिखाकर कार और मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना ईकोटेक प्रथम में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि कल रात यमुना पुस्ता स्थित एएमआर के पीछे वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कोई अन्य आरोपी शामिल था या नहीं।
