द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन कुंडल, एक नाक की लोंग, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।
रूपवास गाँव के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार मंगलवार को रूपवास बाईपास के पास से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हैप्पी पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम सहारा, थाना निवाड़ी, गाजियाबाद (वर्तमान पता कस्बा दादरी) तथा नरेंद्र पुत्र राजवीर निवासी राम पार्क, थाना ट्रॉनिका सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी हैप्पी ने पुलिस को बताया कि करीब 15-20 दिन पहले उसने अपने साथी नरेंद्र के साथ मिलकर दोलतराम कॉलोनी और तुलसी विहार क्षेत्र में दो महिलाओं से कुंडल छीने थे। इसके अलावा 2-3 दिन पहले चिटहैरा रोड पर एक महिला से दो कुंडल और एक नाक की लोंग भी स्नैच की थी। आरोपियों ने एक कुंडल बेचकर रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि बाकी आभूषण बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन कुंडल, एक नाक की लोंग (पीली धातु), वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP14FE6797), एक तमंचा .315 बोर मय एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
इस संबंध में थाना दादरी में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मुकदमे स्नैचिंग की घटनाओं तथा एक मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
