द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के छपरौला गांव के पास स्थित पंचकूला कॉलोनी में बेटी की शादी के लिए घर में रखे करीब 13.50 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुत्रवधू पर नकदी चोरी कर अपनी मां को देने का आरोप लगाया है। वहीं, रुपये गायब होने और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर बेटे ने सल्फास का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में बादलपुर कोतवाली पुलिस ने पुत्रवधू और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर की अलमारी में रखी थी रकम
पुलिस को दी शिकायत में जागरतन ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी के लिए घर की अलमारी में 13.50 लाख रुपये रखे थे। इस रकम की जानकारी उनके बेटे हरेंद्र और पुत्रवधू पूजा को थी। जब हरेंद्र ने अलमारी से रुपये निकालने चाहे तो नकदी गायब मिली। पूछताछ करने पर पूजा संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। आरोप है कि उसने रुपये चोरी कर अपनी मां को दे दिए।
पूजा ने हरेंद्र से की थी तलाक की मांग
शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद पूजा ने हरेंद्र से तलाक की मांग शुरू कर दी। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा। आरोप है कि इसी तनाव में 11 जुलाई को हरेंद्र ने सल्फास की गोलियां खा लीं। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बादलपुर कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पुत्रवधू पूजा और उसकी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
