-जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
-लोगों से की नदी के नजदीक न जाने की अपील
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा व ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में एक बार दोबारा से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जिसका प्रमुख कारण है दिल्ली-एनसीआर में लगातार होने वाली बारिश के बाद हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ा जाना है। छोने जाने वाले पानी का असर यमुना व हिंडन नदी में धीरे-धीरे होगा। यदि हथिनी कुंड से और पानी छोड़ा जाता है तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में पानी पहुंच जाएगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वह सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
टीम हुई अलर्ट
बाढ़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सभी बाढ़ चौकियों पर टीम नजर रख रही है। आपदा प्रबंधन की टीम भी सतर्क हो गई है। हथिनी कुंड से छोड़े जाने वाले पानी पर अधिकारियों के द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। दावा किया जा रहा है कि हथिनी कुंड से यदि और पानी छोड़ा जाता है तो वह निचले इलाकों में पहुंच जाएगा। निचले इलाकों में रहने वालों से अपील की जा रही है कि वह अपने सामान व पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। ज्ञात हो कि तीन वर्ष पूर्व जिले में बाढ़ आ गई थी। बाढ़ का पानी गई गांवों में प्रवेश कर गया था। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया था। पूर्व में आई बाढ़ को देखते हुए प्रशासन की टीम पहले से अलर्ट है।
