द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : घर पर फायरिंग कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बादलपुर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि पांच अगस्त को बादलपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर घर पर फायरिंग करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
रेलवे लाइन के पास से पकड़ा
शनिवार को पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी अनुराग उर्फ छोटू (23) निवासी वायु एन्कलेव-1, खेड़ा धर्मपुरा और शिवम उर्फ भूरा (20) निवासी सिद्ध बाबा मंदिर, आरके स्वीट्स के पास, बादलपुर को वायु एन्कलेव-1 में रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से पिस्टल मिली
पुलिस ने बताया कि अनुराग के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं शिवम के पास से अवैध चाकू मिला। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं और शिवम के खिलाफ अलग से भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
