द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 103 एटीएम कार्ड, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू और एटीएम स्वैप मशीन बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए एटीएम कार्ड को स्वैप मशीन में इस्तेमाल कर खातों से रकम निकालते थे।

यमुना एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास मिले
पुलिस ने रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे के आरआर साइट अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान बुलंदशहर के सलेमपुर क्षेत्र के गांव चिट्टा निवासी आफताब, सलमान और अमीरूद्दीन के रूप में हुई है।

ऐसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथ पर लोगों को निशाना बनाते थे। धोखाधड़ी कर उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और कार्ड का इस्तेमाल कर बैंक खाते से रकम निकाल लेते थे। आरोपियों के पास से मिली स्वैप मशीन के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड को मशीन पर स्वैप करने के बाद उससे पैसे निकालते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जेवर थाने में मुकदमा दर्ज किया है।

तीनों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। सलमान के खिलाफ आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जिलों के थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम और आईटी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

अमीरूद्दीन के खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर और मुरादाबाद में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आफताब के खिलाफ बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

यह सामान हुआ बरामद
-103 एटीएम कार्ड
-एक अवैध तमंचा
-एक जिंदा कारतूस
-एक अवैध चाकू
-एक एटीएम स्वैप मशीन