द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में देर रात CNC लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दुकान के अंदर सो रहे दो युवक धुएं में फंस गए। रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

बिजली की सप्लाई बंद करनी पड़ी
घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बिजली की सप्लाई बंद कराने के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर कर्मियों ने दुकान के अंदर से अल्तमस और अमन को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला।

दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान अल्तमस ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए अमन को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।

चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों युवक आग की लपटों से झुलसने के बजाय जहरीले धुएं की चपेट में आए। धुएं के कारण दम घुटने से अल्तमस की मौत हुई। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर फायर सर्विस की सात गाड़ियां भेजी गई थीं, हालांकि एक ही गाड़ी से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस और फायर विभाग की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है।