-देशभक्ति के गीतों पर विद्यार्थियों ने दी प्रस्‍तुति
-समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें युवा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संस्कृति क्लब के द्वारा भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं संस्थान के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्षों तथा युवा शक्ति के साथ विकसित भारत @2047 की भावना को समर्पित रहा । पूरे परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कविताओं एवं विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

जिम्‍मेदारी समझें युवा
इस अवसर पर जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं है, बल्कि इसके साथ राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं। भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्‍होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग, समर्पण और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है । आज की युवा पीढ़ी को भारत की गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे। युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ी शक्ति है।