द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जेवर कोतवाली पुलिस ने ‘Sach Bolo’ नाम के फेसबुक अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिफ्ट इंचार्ज ने दर्ज कराया मुकदमा
बताया गया है कि 14 अगस्त को फेसबुक पेज से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में दावा किया गया कि भारी बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। एयरपोर्ट के शिफ्ट इंचार्ज सिक्योरिटी मयंक कुमार ने 15 अगस्त को जेवर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया अकाउंट से एयरपोर्ट से संबंधित घटनाओं और परिस्थितियों को दिखाने वाले कथित तौर पर छेड़छाड़ किए गए वीडियो और गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने वीडियो में दिखाई गई स्थिति को गलत बताते हुए कहा कि इससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और संस्थान की छवि प्रभावित हो सकती है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से फेसबुक पेज संचालक और वीडियो के मूल स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस की अपील: प्रशासन ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि किसी भी वीडियो या सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें। भ्रामक सामग्री प्रसारित करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
