-एक्‍सपो मार्ट में होने वाले इवेंट के कारण अक्‍सर लगता था जाम
-यू टर्न के कारण जाम लगने से मिलेगी निजात

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: परीचौक पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सराहनीय कार्य किया है। प्राधिकरण ने परीचौक के पास ही यू टर्न बना दिया है। यू टर्न बनने से एक्‍सपो मार्ट व नॉलेज पार्क से निकलने वाले ऐसे वाहन चालक जिन्‍हें नोएडा या दिल्‍ली जाना होता है उन्‍हें परीचौक जाने की आवश्‍यकता नहीं होगी। सुविधा के लिए नॉलेज पार्क मेट्रो स्‍टेशन के पास में ही यू टर्न बना दिया गया है। लोगों की सुविधा के लिए यू टर्न खोल भी दिया गया है।

आए दिन लगता था जाम
एक्‍सपो मार्ट में आए दिन एवेंट का आयोजन होता रहता है। एक-एक इवेंट में देश-विदेश से हजारों की संख्‍या में लोग आते हैं। शाम के वक्‍त एका-एक लोगों की भीड़ निकलती है। सभी लोग परीचौक से होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्‍सप्रेसवे के रास्‍ते नोएडा, दिल्‍ली व अन्‍य स्‍थानों का रुख करते थे। इस कारण इवेंट के दौरान परीचौक पर अक्‍सर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता था। जाम से निजात के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने परीचौक से पहले यू टर्न बनाने की योजना बनाई थी। जिसे मूर्त रूप दे दिया गया है। सड़क के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। जल्‍द ही इसे जनता की सुविधा के लिए पूर्ण रूप से खोल दिया जाएगा।