-विभिन्‍न स्‍थानों पर होनी थी पनीर की सप्‍लाई
-जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया पनीर का एक नमूना

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: त्‍योहार को देखते हुए मिलावट करने वाले सक्रिय हो गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाते हुए 350 किलो नकली पनीर पकड़ा। प्राथमिक जांच में पनीर मानव उपयोग हेतु अनुपयुक्त प्रतीत होने पर उसे नष्‍ट करा दिया गया। पनीर का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्‍योहारों को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए टीमों का गठन किया गया है। टीमों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में दुकानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।


एनसीआर में हो रही थी सप्‍लाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा दिल्ली सहित एनसीआर के जिलों में पनीर सप्लाई करने वाले महगोरा अलीगढ़ स्थित सुरेंद्र की डेयरी के लगभग 350 किग्रा पनीर को लखनावली ग्रेटर नोएडा पर पकड़ा गया। उक्त पनीर मिलावटी व मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने के कारण विस्तृत जांच प्रयोगशाला से कराए जाने हेतु नमूना लेकर अवशेष लगभग 350 किग्रा पनीर लखनावली ग्रेटर नोएडा स्थित सिद्ध बाबा डेयरी पर जब्त कर सुरक्षित अवस्था में रखवाया गया। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सहयोग शनिवार को उसे नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई की जाएगी।