द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गोल्फ होम्स सोसाइटी में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान 14वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 19 वर्षीय सरकार पुत्र अब्दुल खालिक सरकार और 45 वर्षीय जमाल शेख पुत्र अब्दुल हौसले के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के साहिबगंज थाना क्षेत्र के कलामती गांव के रहने वाले थे।
ठेकेदार को हिरासत में लिया गया
बताया गया कि दोनों मजदूर गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान 14वीं मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद बिसरख पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
