-विभिन्‍न विभाग के अधिकारियों ने तैयारियों पर की चर्चा
-विभागीय अधिकारियों को दिया गया आवश्‍यक निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विगत वर्ष की भांति इस बार भी इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का भव्‍य आयोजन किया जाएगा। आयोजन 25 से 29 सितंबर तक होगा। तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गठित सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति तथा परिवहन समिति से संबंधित तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। मंगलेश दूबे ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा अन्य क्षेत्रों की उपलब्धियों एवं क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध कार्यवाही अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान संभावित यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए वाहनों के सुचारु आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।

सभी व्‍यवस्‍था रहे दुरुस्‍त
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग एवं एनपीसीएल के अधिकारियों को आयोजन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल एवं आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों एवं आगंतुकों को संचार संबंधी किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आयोजन से पूर्व व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर यदि कोई समस्या या आवश्यकता सामने आती है तो उसका तत्काल संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराया जाए। बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आरके गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।