द न्यूज गली, नोएडा : दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी पहनकर घूम रहे एक युवक को सेक्टर-113 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दिल्ली पुलिस के दरोगा की वर्दी, सात आईकार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, एटीएम व क्रेडिट कार्ड समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी की कार भी कब्जे में ली है।

पुलिस ने बताया कि 23 अगस्त को सेक्टर-113 थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान सेक्टर-117 नोएडा सर्विस रोड के पास दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहने एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल सिंह (34) पुत्र तोड़ी राम के रूप में हुई। राहुल मूल रूप से मथुरा के महोली रोड स्थित कान्तापुरी का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-117 नोएडा में रह रहा था।

फर्जी वर्दी और आईकार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से दिल्ली पुलिस दरोगा की एक जोड़ी वर्दी, दो डीपी बैज, चार स्टार, नेम प्लेट, लाल बेल्ट पर दिल्ली पुलिस का चपरास, खाकी मोजे, लाल रंग के जूते और दिल्ली पुलिस की पी-कैप बरामद की। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के सात आईकार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, सात एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आईफोन-17 प्रो और मेट्रो कार्ड भी मिला है।

आई-20 कार भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हुंडई आई-20 कार भी बरामद की है, जिसका नंबर डीएल-8सीएई-9608 है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने दिल्ली पुलिस की फर्जी वर्दी और आईकार्ड क्यों बनवाए थे और उसने इनका इस्तेमाल कहां-कहां किया। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।