द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-142 थाना पुलिस ने फर्जी पहचान के जरिए विदेशी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर विदेशी नागरिकों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-138 में चल रहे एक अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से नौ कंप्यूटर, नौ CPU, नौ माउस, नौ की-बोर्ड, नौ हेडफोन, एक राउटर और चार आईफोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि देर रात सेक्टर-142 पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-138 स्थित प्लॉट नंबर-58 की एक इमारत की तीसरी मंजिल पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मंसूरी राशिद, तरुण मिश्रा और चन्द्रकांत को गिरफ्तार किया। आरोप है कि आरोपी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर विदेशी सिम कार्ड हासिल करते थे और कंप्यूटर व मोबाइल फोन के जरिए विदेशी नागरिकों को कॉल कर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे।
गुजरात, राजस्थान और कर्नाटक के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंसूरी राशिद (26) निवासी अहमदाबाद, गुजरात, तरुण मिश्रा (39) निवासी माउंट आबू, सिरोही, राजस्थान और चन्द्रकांत (39) निवासी करवार, कर्नाटक के रूप में हुई है।
