द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिल, विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में नौ सही हालत में हैं, जबकि दो के कटे हुए पुर्जे मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक पार्क के खंडहर से दीपक उर्फ अजय, अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों का खुलासा किया।

बाइक चोरी कर करते थे मोबाइल की छिनैती
पुलिस के अनुसार, आरोपित एनसीआर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इनका इस्तेमाल राहगीरों के मोबाइल फोन चोरी करने और छीनने में किया जाता था। कुछ घटनाओं के बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग कर दिए जाते थे और उन्हें अनजान कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। बरामद दो मोटरसाइकिलों के संबंध में सूरजपुर थाने और दिल्ली के भालस्वा थाने में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपितों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक उर्फ अजय (22), निवासी झारखंड, अनवर उर्फ सूरज (24), निवासी पश्चिम बंगाल और नसीब उर्फ अहमद (20), निवासी तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।