-अब किसानों को जेवर टोल पर नहीं देना होगा टैक्स
-योजना से लाखों किसानों को होगा फायदा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण में ग्रेटर नोएडा के किसानों की जमीन का भी अधिग्रहण हुआ था। यमुना एक्सप्रेसवे से गुजरने के दौरान जेवर टोल पर किसानों को भी टोल देना होता था। किसानों के द्वारा पिछले लगभग 14 वर्ष से मांग की जा रही थी कि जेवर टोल पर उनसे टोल टैक्स न लिया जाए। मांग के समर्थन में किसानों ने आंदोलन भी किया था। किसानों ने विधायक धीरेंद्र सिंह व यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। किसानों की मांग को पूरा कराने के लिए धीरेंद्र सिंह के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था, जो अब पूरा हो गया है।
17 सितंबर से सुविधा
विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों की मांग को पूरा कराने के लिए उन्होंने जेवर टोल प्रबंधन व यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ कई बार वार्ता की। कई दौर की वार्ता के बाद किसानों की मांग पूरी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से जेवर के आस-पास गांव के किसानों को जेवर टोल पर टोल टैक्स नहीं देना होगा। इसके लिए किसानों को जेवर टोल प्रबंधन के पास गाड़ी की आरसी व स्वयं का आधार कार्ड जमा करा पास लेना होगा। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर किसानों ने धीरेंद्र सिंह का आभार जताया।
