द न्यूज गली, नोएडा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महापर्व को लेकर गौतमबुद्ध नगर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर समेत जिले के प्रमुख मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंदिरों में वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर को वृंदावन, दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों से मंगाए गए देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया है। गुलाब, चंपा, चमेली, जूही, ऑर्किड और कॉर्नेशन जैसे फूलों से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है। रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से पूरा परिसर रोशन किया गया है। भगवान श्रीकृष्ण के लिए तीन नई पोशाकें भी तैयार की गई हैं, जिन्हें मंगला आरती, दर्शन आरती और शाम को होने वाले महा-अभिषेक के बाद अर्पित किया जाएगा।
इस्कॉन प्रबंधन के अनुसार इस बार करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एडोब चौराहे के पास विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल से मंदिर तक आने-जाने के लिए निश्शुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी। मंदिर में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और हैंड हेल्ड डिटेक्टर लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। मंदिर प्रबंधन ने बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं से भीड़ से बचने के लिए मंदिर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब चैनल के माध्यम से ऑनलाइन दर्शन करने की अपील की है।

सुविधा और सुरक्षा पर विशेष फोकस
एकांतदास प्रभु, मंदिर समिति के मुख्य सदस्य, इस्कॉन मंदिर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।उधर, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख मंदिरों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार घोषणाएं की जाएंगी। श्रद्धालुओं को क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यूपी-112 की गाड़ियां भी मुस्तैद रहेंगी।जॉइंट सीपी नोएडा राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर तीनों जोन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मंदिरों के आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।जन्माष्टमी के मद्देनजर मंदिरों में वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।