द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 24 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो हजार रुपये नकद, दो अवैध चाकू और सात धारदार छोटे चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी रेकी करने के बाद अधिक आबादी वाली इमारतों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

अलग-अलग जगह के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि शनिवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गढ़ी गोलचक्कर की तरफ जाने वाले अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सिक्कू राजकुमार (20), प्रयागराज निवासी राजा भास्कर (19), फर्रूखाबाद निवासी रिषभ (19) और कौशांबी निवासी श्याम साहू (28) के रूप में हुई है। चारों वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, सेक्टर-63 में रह रहे थे।

खुले कमरे मिलते ही कर देते थे हाथ साफ
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले ऐसी इमारतों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इसके बाद जिस कमरे का दरवाजा खुला मिलता था, उसमें घुसकर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल एकत्र होने के बाद उन्हें राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम को आपस में बांट लेते थे।

चोरी की बाइक से करते थे आवाजाही
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसका पंजीकरण नंबर UP75AQ4105 बताया गया है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के संबंध में आगे जांच कर रही है।