द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित एचआईएमटी कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके शैक्षणिक जीवन की नई यात्रा के शुभारंभ के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आरंभ- 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, मूल्यों, अनुशासन, कौशल विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम में अनिल कुमार बंसल, सेक्रेटरी, एचआईएमटी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कॉलेज के साथ उनकी यात्रा उन्हें सफलता, अनुभव और सीख के अनेक अवसर प्रदान करेगी। अनमोल बंसल, ज्वाइंट सेक्रेटरी, एचआईएम टी ग्रुप ने शिक्षा, कौशल और मूल्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा आपको ज्ञान देती है। कौशल आपको पेशेवर काबिलियत देते हैं। लेकिन मूल्य आपको यह सिखाते हैं कि अपने ज्ञान और काबिलियत का ज़िम्मेदारी से इस्तेमाल कैसे किया जाए।

सामर्थ्य पहचानें युवा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) मुरलीमनोहर पाठक, कुलपति, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी अंतर्निहित क्षमता और सामर्थ्य को पहचानना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता की शुरुआत स्वयं को पहचानने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने से होती है। विशिष्ट अतिथि आशीष सोनकर ने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए समर्पण, प्रतिबद्धता और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं। प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार, ग्रुप डायरेक्टर, एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने कहा कि कॉलेज में उपलब्ध विविधतापूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम संस्थान को एक विशिष्ट अकादमिक वातावरण प्रदान करते हैं। डॉ. विक्रांत चौधरी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, एचआईएमटी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य की ओर कदम-दर-कदम निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को धैर्य, निरंतरता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।



