-डीएम मेधा रूपम थीं कार्यक्रम की मुख्‍य अतिथि
-विभिन्‍न सरकारी योजनाओं के बारे में दी गई जानकारी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: औद्योगिक संस्था इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) की पहल पर भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय (डीएफओ), ओखला, नई दिल्ली तथा आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 150 से अधिक उद्यमियों ने हिस्‍सा लिया। कार्यक्रम की मुख्‍य अतिथि डीएम मेधा रूपम थीं। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर औद्योगिक विकास, परिधान उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं निवेश के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा निवेशकों के लिए अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने तथा अधिकाधिक उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य स्थानीय अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। इस प्रकार की कार्यशालाएं उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, सरकारी खरीद, विपणन सहायता तथा निर्यात के नए अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने उद्यमियों का आह्वान किया कि वह बड़ा सोचें, अपने उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास करें तथा रोजगार सृजन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

उद्यमियों को दी जानकारी
कार्यशाला में उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया, विपणन के अवसरों, सरकारी विभागों में विक्रेता पंजीकरण, निर्यात संवर्धन, डिजिटल मार्केटिंग, गुणवत्ता प्रमाणन तथा एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे उपलब्ध योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने उद्योगों का विस्तार करें तथा देश की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यशाला में एमएसएमई मंत्रालय की ओर से डॉ. आरके भारती, स्टेट डायरेक्टर सुनील कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, एमएसएमई-डीएफओ, ओखला तथा डिप्टी डायरेक्टर, एमएसएमई ओ.पी. सिंह सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं सरकारी संस्थानों के खरीद प्रमुखों तथा विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा सरकारी खरीद, जीईएम पोर्टल, खरीद एवं विपणन सहायता (पीएमएस) योजना, विक्रेता विकास, निर्यात संवर्धन एवं बाजार से जुड़ाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आईआईएलएम विश्वविद्यालय की ओर से वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) नील राय, प्रो वाइस चांसलर राजे मोहन, सीनियर मैनेजर राजकुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं शिक्षाविद तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी तथा कार्यकारिणी के सदस्य सहित उद्यमियों ने सहभागिता की।