-विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने किया प्रतिभाग
-मेले में 263 अभ्यर्थी को मिला नियुक्ति-पत्र
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ विधायक दादरी तेजपाल नागर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पिंक रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद की शिक्षित एवं रोजगार की इच्छुक छात्राओं तथा युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। मेले में कुल 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया एवं 300 से अधिक ऑनलाइन एवं 186 ऑफलाइन कुल 486 छात्राओं व युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया। जिसमें से 263 छात्राओं, युवतियों को साक्षात्कार के उपरांत चयनित किया गया। इस अवसर पर डीएम मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, संस्थापिका आर्य फैशन्स खुशबू सिंह, प्रधानाचार्या कु0 मायावती महिला पॉलीटेक्निक बादलपुर दीपिका दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

नियुक्ति पत्र का वितरण
विधायक तेजपाल नागर एवं डीएम मेधा रूपम एवं जिला सेवायोजन अधिकारी, प्रधानाचार्या, कु० मायावती राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, बादलपुर तथा संस्थापक, आर्या फैशन द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर एवं युवा शक्ति फाउण्डेशन के मध्य रोजगार संवर्धन हेतु एमओयू हस्ताक्षर किया गया। इस अवसर पर तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को रोजगार प्रदाताओं से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीएम मेधा रूपम ने कहा कि यह एक अनूठी पहल है। पिंक रोजगार मेला लगाया गया है। यह रोजगार मेला हमारी उन सभी बेटियों के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो स्नातक की पढ़ाई करने जा रही हैं।

