-जिलाध्‍यक्ष से हटाए जाने के बाद बाद भी खुश हैं सुधीर
-इंदर को जिलाध्‍यक्ष बनने की खुशी पर टिकट की दौड़ से बाहर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी में पूर्व मुख्‍यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गौतमबुद्ध नगर में बड़ा दांव चला है। एक चाल से उन्‍होंने अपने दो मजबूत सिपहसलारों को खुश कर दिया है। सुधीर भाटी को जिलाध्‍यक्ष पद से हटाए जाने व इंदर प्रधान को नया जिलाध्‍यक्ष बनाए जाने के बाद राजनीति के गलियारों में चर्चाओं का त‍माम बाजार गर्म है। चर्चा है कि अखिलेश यादव जल्‍द ही दादरी विधानसभा सीट के प्रत्‍याशी की घोषणा करेंगे। बताया जा रहा है कि यह टिकट सुधीर भाटी को मिलना तय है। इसकी रूपरेखा पिछले कुछ माह से बनाई जा रही थी। इसी के चलते अखिलेश यादव ने सुधीर को जिलाध्‍यक्ष पद से हटाया है। इस चाल से अखिलेश यादव ने अपने दोनों कार्यकर्ताओं को खुश कर दिया है। अखिलेश की लिस्‍ट में जेवर विधानसभा सीट के प्रत्‍याशी का नाम भी फाइनल हो चुका है। प्रत्‍याशी ने कुछ वर्ष पूर्व हाथी से उतरकर साइकिल की सवारी की थी और वर्तमान में जनप्रतिनिधि हैं। अब पार्टी के कार्यकर्ताओं को टिकट की घोषणा होने का इंतजार है।

सुधीर व इंदर थे दावेदार
दादरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए सपा में 10 से अधिक लोगों ने दावेदारी की थी। सपा की टीम अंदरखाने मजबूत दावेदार की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है अंतिम सूची में सुधीर भाटी व इंदर प्रधान का नाम फाइनल हुआ था। हाल ही में दादरी में हुई अखिलेश यादव की सभा में इंदर प्रधान बड़ी संख्‍या में अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। जिससे उनकी दावेदारी मजबूत हुई थी। वहीं दूसरी तरफ सुधीर भाटी जिलाध्‍यक्ष का पद मजबूती से संभाल रहे थे। साथ ही उन्‍होंने अपनी मजबूत टीम भी बनाई थी। किसानों व आमजन से जुड़े तमाम मामलों में उन्‍होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। ऐसे में टिकट की दौड़ में दोनों मजबूत थे। अंतिम समय में सपा दरबार में सुधीर का पलड़ा भारी रहा।