द न्यूज गली, नोएडा : फेस-2 कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात दादरी मेन रोड पर भंगेल गांव के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सलारपुर की ओर से नाले के किनारे वाली सड़क पर बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक मोड़कर श्मशान घाट वाली सर्विस रोड की तरफ भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी अमन चतुर्वेदी (24) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हल्दौनी में रह रहा था। वहीं, उसके साथी आकाश यादव (20) निवासी फिरोजाबाद को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
आकाश वर्तमान में डेरिन गांव में रह रहा था
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा चोरी के चार मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी मिली है। जांच में बाइक कुलेसरा गांव से चोरी की होना सामने आया है। इस संबंध में ईकोटेक-3 थाने में मुकदमा दर्ज है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के मोबाइल चोरी करते थे और उन्हें राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे।
आरोपी काफी समय से इस धंधे में सक्रिय
पुलिस के अनुसार, घायल अमन चतुर्वेदी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और बदायूं में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आकाश यादव के खिलाफ फेस-2 और ईकोटेक-3 थानों में चोरी और हत्या से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों के आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
