द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, चोरी व स्नैचिंग के 22 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अतुल गौतम (22) नितीश चौहान (18) और रिशू पांडेय (19) के रूप में हुई है। तीनों खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहे थे। पुलिस ने इन्हें 17 सितंबर को जुबलियेन्ट पार्क के पास से मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार किया।

चोरी की बाइक से करते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाल अपचारियों के साथ मिलकर नोएडा, दिल्ली और एनसीआर में चोरी की मोटरसाइकिल से घूमकर मोबाइल फोन स्नैच करते थे। वारदात के बाद मोबाइल फोन को दिल्ली ले जाकर उनके पार्ट-पुर्जे अलग कर बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से यूपी16ईडब्लू-6051 नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस ने मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।