द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन लूट और स्नैचिंग करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट व स्नैचिंग के 24 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, आठ हजार रुपये, अवैध चाकू, खिलौना पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।पुलिस ने बताया कि 16 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-63 में शिकायत दी थी कि अज्ञात बदमाश उसका बैग छीनकर ले गए। बैग में लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल फोन और पर्स था। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे थे। शिकायतकर्ता के खाते से 11,600 रुपये निकाले जाने की जानकारी भी सामने आई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को एफएनजी गोल चक्कर से बहलोलपुर अंडरपास की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गर्वित गोयल (20), अमन (21), रोहित कुमार (24) और हर्ष कुमार (22) के रूप में हुई है। आरोपी दिल्ली, खोड़ा और बुलंदशहर के रहने वाले हैं।
राहगीरों को मजबूरी बताकर बेचते थे सामान
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटते व स्नैचिंग करते थे। इसके बाद लूटे गए सामान को राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक घटना से संबंधित मोबाइल फोन, लैपटॉप और आठ हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा 23 अन्य मोबाइल फोन, एक चाकू, खिलौना पिस्टल और दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
