द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस के सर्विलांस सेल ने तकनीकी निगरानी और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुम हुए 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। शनिवार को सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के नेतृत्व में यह कार्रवाई मिशन सहयोग के तहत की गई। सर्विलांस सेल ने तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अलग-अलग कंपनियों के गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद किया।
भीड़ और सार्वजनिक परिवहन में हुए थे गुम
पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले स्थानों, साप्ताहिक बाजारों में गिर गए थे। कई लोग दोपहिया वाहन चलाते समय या सुबह-शाम टहलने के दौरान मोबाइल फोन खो बैठे थे। इसके अलावा ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से यात्रा करते समय भी कई मोबाइल फोन छूट गए थे।मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने ग्रेटर नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। सर्विलांस सेल ने इन शिकायतों के आधार पर तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। सीईआईआर पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।
मोबाइल वापस पाकर लोगों ने जताया आभार
शनिवार को बरामद किए गए 104 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
