द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सेक्टर म्यू-1 में चोर एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार पैतृक गांव गया हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर म्यू-1 निवासी अमन सैनी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण परिवार के साथ सिकंदराबाद स्थित पैतृक गांव गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व जेवर चोरी कर लिए। अमन सैनी 17 सितंबर को घर लौटे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
खुलासे में जुटी पुलिस
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी के अनुसार शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
