द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : किसान सभा की लगातार मांग और आंदोलन के बाद ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसानों के 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे के वितरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन स्तर से मुआवजे के वितरण को लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश मिलने के बाद संबंधित किसानों को मुआवजा वितरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के साथ वार्ता की थी। बैठक की कार्यवाही में 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे के वितरण को गजराज सिंह आदि प्रकरणों में याचिकाकर्ता किसानों तक सीमित कर दिया गया था। इसके चलते ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के करीब 700 किसानों का अतिरिक्त मुआवजा अटक गया था।उन्होंने बताया कि किसान सभा की ओर से इस मुद्दे को लगातार आंदोलन और अधिकारियों के साथ वार्ता के दौरान उठाया जाता रहा। 16 सितंबर को अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में शासन स्तर से जल्द आदेश प्राप्त कराकर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। अब शासन से आदेश जारी होने के बाद किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

लंबे समय से हो रही थी मांग
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि संगठन किसानों के 10 प्रतिशत विकसित भूखंड समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर भी संघर्ष जारी रखेगा। प्रशासन की ओर से पांच सितंबर तक 10 प्रतिशत विकसित भूखंड के मुद्दे पर वार्ता की तारीख देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक वार्ता की तारीख तय नहीं की गई है।उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जल्द वार्ता की तारीख निर्धारित नहीं करता है तो किसान संघर्ष मोर्चा आंदोलन की अगली तारीख की घोषणा करेगा।