-किसान 22 अक्टूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर करेंगे धरना
-आंदोलन में महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाने का लिया संकल्प
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: 44 गांवों के किसानों के द्वारा शेष 4 प्रतिशत प्लाट की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही है। मांग के समर्थन में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अब किसानों ने 22 अक्टूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हों इसके लिए गांव-गांव में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में घोड़ी-बछेड़ा और जुनपत गांव में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसान महिलाओं ने भी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

बच्चों के साथ देंगे धरना
बैठक में महिलाओं ने कहा कि वह पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने हक की लड़ाई लड़ेंगी और जब तक उन्हें उनका शेष 4% प्लॉट नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रखेंगी।
महिलाओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपने वह अपने बच्चों और चूल्हा-चौका सहित प्राधिकरण पर बैठकर धरना देंगी। अपना हक मिलने तक वहां से नहीं उठेंगी। महिलाओं का कहना है कि परिवार और बच्चों के भविष्य के लिए अब वह भी आंदोलन की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिला शक्ति की यह बैठकें लगातार 44 गांवों में आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक गांव में महिलाओं को आंदोलन से जोड़ने और 22 अक्टूबर सत्याग्रह अनिश्चित कालीन धरना को लेकर जनजागरण किया जाएगा। महिलाओं ने एकजुट होकर कहा कि वह अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगी और पुरुषों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण एवं संगठित तरीके से अपने हक की आवाज बुलंद करेंगी।
