-निवासियों ने विकास, पारदर्शिता, सुरक्षा के संकल्प पर जताया विश्वास
-नई कार्यकारिणी को लोगों ने दी बधाई

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा:ओमिक्रॉन-3 सेक्‍टर में स्थित लोटस सोसाइटी में हुए RWA कार्यकारिणी के चुनाव में टीम प्रगति ने शानदार जीत दर्ज करते हुए निवासियों का विश्वास हासिल किया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और सोसाइटी निवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। चुनाव में लोगों ने ऊषा शर्मा को अध्‍यक्ष व सोमबीर सिंह को महासचिव चुना।टीम प्रगति ने चुनाव के दौरान सुरक्षित सोसाइटी, स्वच्छ एवं व्यवस्थित परिसर, पारदर्शी कार्यप्रणाली, बेहतर सुविधाओं और निवासियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान को अपनी प्राथमिकता बनाने का संकल्प लिया था। निवासियों ने टीम के विजन और कार्ययोजना पर भरोसा जताते हुए टीम प्रगति के पक्ष में अपना समर्थन दिया। विजेताओं को सोसायटी के लोगों ने बधाई दी।

RWA की नई टीम
चुनी गई टीम में अध्यक्ष पद पर ऊषा शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर राजीव कुमार,महासचिव सोमबीर सिंह,कोषाध्यक्ष सीमा पंडिता काव को चुना। साथ ही सदस्य पद पर रविशंकर सिंह, कमला वशिष्ठ, राजेश कुमार, कोमल तिवारी, ब्रिजेश कुमार, रामफल व नीरू सारस्वत को चुना गया। चुनाव में जीत के बाद टीम प्रगति ने सभी सोसाइटी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति या टीम की नहीं, बल्कि पूरे लोटस परिवार के विश्वास और सहयोग की जीत है।टीम प्रगति ने कहा कि RWA सभी निवासियों के साथ मिलकर सोसाइटी को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, पारदर्शी, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए कार्य करेगी। टीम का प्रयास रहेगा कि निवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनके समाधान के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध प्रयास किए जाएं। टीम प्रगति और सोसाइटी वासियों ने चुनाव कमेटी को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आभार जताया।