द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने सगे भाई की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को चौरोली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, पांच अक्तूबर की रात नीमका गांव निवासी भोले शंकर (52) की हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव निवासी देवेन्द्र उर्फ देवू के खिलाफ हत्या और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना में इस्तेमाल फावड़ा बरामद
मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सोमवार को पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी देवेन्द्र उर्फ देवू को चौरोली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल फावड़ा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि जमीनी विवाद को लेकर उसका अपने सगे भाई भोले शंकर से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में जेवर थाने में आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
