द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक प्रथम थाना पुलिस और स्वाट टीम ने जाली नोटों की छपाई और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को सिरसा गोल चक्कर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100-100 रुपये के 2549 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 2.54 लाख रुपये है। इसके अलावा नोट छापने वाला प्रिंटर, कटिंग मशीन, स्कॉर्पियो और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के पालर गांव निवासी बन्टी अत्री (23), चंडौस क्षेत्र के कसेरू गांव निवासी खुशदिल (21) और जला कसेरु गांव निवासी उपेंद्र कुमार (25) के रूप में हुई है।
असली नोट स्कैन कर तैयार करते थे नकली नोट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले असली नोट को स्कैन करते थे। इसके बाद प्रिंटर की मदद से उसी सीरियल नंबर के जाली नोट तैयार किए जाते थे। नोटों को असली आकार में काटने के लिए कटिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों ने नकली नोटों की गड्डियां तैयार करने का तरीका भी अपनाया था। गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे, जबकि बीच में जाली नोट रखे जाते थे।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नोटों की गड्डियों को असली दिखाने के लिए उनके सिरों पर केनरा बैंक के डिपॉजिट फॉर्म रबर बैंड से लगाए थे। इसके बाद इन गड्डियों को असली नोट बताकर इस्तेमाल किया जाता था।
स्कॉर्पियो और मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2549 जाली नोट, एक प्रिंटर, नोटों की कटिंग करने वाली मशीन, स्कॉर्पियो (एचआर-30एएफ-9184), चार मोबाइल फोन, आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोटों की सप्लाई के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
