-सेक्टरों में आए दिन होती है गंदे पानी की सप्लाई
-सभी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के अधिकतर सेक्टरों के लोग पानी संबंधी विभिन्न समस्याओं के कारण परेशान हैं। जिसमें प्रमुख रूप से पानी का कम प्रेशर, गंदे पानी की सप्लाई, UGR की समस्याएं, खराब पड़ी पानी की मोटर, नई मोटर एवं पंप लगाने तथा पुरानी और जर्जर जलापूर्ति लाइन है। शहर के विभिन्न सेक्टरों में उत्पन्न हो रही पेयजल संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर फेडरेशन ऑफ RWA, ग्रेटर नोएडा के पदाधिकारियों ने फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार जी से मुलाकात की। पानी संबंधी सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की मांग की। एनजी रवि कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पुरानी जलापूर्ति लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने, खराब UGR मोटरों को जल्द ठीक कराने व अन्य समस्या का शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया।
आए दिन होती है परेशानी
इस अवसर पर देवेंद्र टाइगर ने कहा कि शहर के कई सेक्टरों में पुरानी जलापूर्ति लाइनें होने के कारण आए दिन पानी की सप्लाई प्रभावित होती है। कई स्थानों पर गंदे पानी और कम प्रेशर की समस्या बनी हुई है। इसलिए इन समस्याओं का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने प्राधिकरण अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि निर्देशों के बाद सेक्टरों में पेयजल व्यवस्था में शीघ्र सुधार दिखाई देगा और शहरवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर कैप्टन वीरेंद्र सिंह , फेडरेशन महासचिव ऋषिपाल भाटी, फेडरेशन कोषाध्यक्ष भुवनेश गर्ग , RWA सेक्टर P-3 के अध्यक्ष अमित भाटी, सेक्टर डेल्टा-2 अध्यक्ष बॉबी भाटी, सेक्टर-36 के अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी, सेक्टर-37 के अध्यक्ष जय सिंह भाटी सहित विभिन्न RWA के पदाधिकारी उपस्थित थे।
