-अभियान में 90 किलो मूंगफली व 33 किलो साबूदाना भी सीज
-जांच के लिए लैब भेजे गए एकत्र किए गए नमूने

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: त्‍योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के द्वारा टीम का गठन कर अभियान चलाया गया। टीम ने विभिन्‍न स्‍थानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की। जांच के दौरान 7 स्‍थानों से नमूने एकत्र किए गए। एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अभियान के दौरान टीम ने 25 लीटर देशी घी, 90 किलो मूंगफली दाना और 33 किलो साबूदाना भी सीज कर दिया। विभाग का कहना है कि लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्‍ध कराने के लिए टीम के द्वारा लगातार अभियान चलाया जाएगा।


यहां पर हुई कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि टीम द्वारा इकोटेक 3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का 01 नमूना, चिपयाना बुजुर्ग ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटा का 01 नमूना तथा चिपयाना बुजुर्ग स्थित लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का 01 नमूना लिया गया। अवशेष लगभग 40 किग्रा मूंगफली दाना की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया खराब प्रतीत होने के कारण सीज की गईं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी से मूंगफली के दाने का 01 नमूना लेकर अवशेष लगभग 50 किग्रा मूंगफली दाना की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया खराब प्रतीत होने के कारण सीज कर दी गई। सेक्टर 104 नोएडा में संचालित आरएम नोएडा हाइपरमार्केट से साबूदाना एवं घी का नमूना संग्रहित किया। अवशेष लगभग 24.5 लीटर घी एवं 33 किलोग्राम साबूदाना प्रथमदृष्टया मिलावटी एवं मिसब्रांडेड प्रतीत होने के कारण सीज कर दिया गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बालाजी किराना स्टोर से मूंगफली के दाने का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 07 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं।